
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में जहां श्रद्धालु आस्था और विश्वास के साथ भगवान के दरबार में माथा टेकते हैं, उसी भगवान के घर को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बना डाला। बाजार चौकी से महज कुछ दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोर मंदिर के दानपात्र से करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी के साथ-साथ हनुमान जी के करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के हार और पैरों के कड़े भी चोरी कर ले गए।
वारदात की जानकारी सामने आते ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मंदिर के मुख्य पुजारी अमरनाथ शर्मा ने कोतवाली बहादराबाद में लिखित तहरीर देकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी है।
दूसरी बार मंदिर बना चोरों का निशाना…….
स्थानीय लोगों के मुताबिक मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चोर मंदिर को निशाना बना चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि पिछली चोरी का खुलासा अब तक नहीं हो सका है। अब दोबारा लाखों की चोरी होने से श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में जबरदस्त नाराजगी देखने को मिल रही है।
लोगों का कहना है कि जब भगवान का घर ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। लगातार दूसरी बार धार्मिक स्थल में चोरी होने से पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज बनी पुलिस के लिए अहम कड़ी…..
घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। इसके अलावा संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ उनकी तलाश में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुजारी और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरी का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि भगवान के घर में दूसरी बार सेंध लगाने वाले चोर आखिर कौन हैं और पिछली चोरी का खुलासा कब होगा?


