क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) मंगलौर के नारसन और खानपुर ब्लॉक से सरकारी तंत्र में रिश्वतखोरी के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
देहरादून से पहुंची सतर्कता विभाग की टीम ने मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए नारसन ब्लॉक के पीआरडी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप को कथित तौर पर 35 हजार रुपये तथा खानपुर ब्लॉक के सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एक ही दिन हुई दोनों कार्रवाइयों से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम मुंडियाकी निवासी जोगिंदर ने सतर्कता विभाग से शिकायत की थी कि ब्लॉक से संबंधित एक कार्य को कराने के एवज में पीआरडी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप उससे 35 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का सत्यापन कराया।
शिकायत की पुष्टि होने पर टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने आरोपी को कथित तौर पर 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद टीम ने ब्लॉक परिसर में ही पूछताछ और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।
वहीं, खानपुर ब्लॉक में सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव पर भी रिश्वत लेने का आरोप है। बताया गया कि शिकायतकर्ता के भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में अधिकारी ने 10 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक कृषि अधिकारी को कथित तौर पर 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एक ही दिन दो ब्लॉकों में हुई विजिलेंस की कार्रवाई ने अधिकारियों-कर्मचारियों में खलबली मचा दी है। फिलहाल दोनों मामलों में सतर्कता विभाग की जांच जारी है।



