
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है।
इसी क्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र सेठ और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल की अध्यक्षता में अधिकारियों, विभागीय प्रतिनिधियों और संबंधित ठेकेदारों के साथ लंबी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। घंटों चली इस हाईलेवल बैठक में उर्स की प्रत्येक व्यवस्था का बिंदुवार आकलन किया गया और समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में साफ कहा गया कि उर्स के दौरान लाखों अकीदतमंद दरगाह में जियारत के लिए पहुंचेंगे। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अव्यवस्था या देरी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने संबंधित विभागों और ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि उर्स के दौरान जायरीनों (श्रद्धालुओं) को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र सेठ ने कहा कि उर्स की तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और प्रत्येक विभाग की जवाबदेही तय रहेगी। संबंधित ठेकेदारों को समयसीमा के अनुसार कार्य पूरे करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वही इस बार जायरीनों के लिए लगने वाले जर्मन हैंगर में सूफी नाइट प्रोग्राम नहीं होगा।
वहीं एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में कोई कमी न रहे। आगामी 12 अगस्त से जायरीनों की सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स लगा दिया जायेगा।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र सेठ, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सुमित पांडेय, कोतवाल कमल मोहन भंडारी, ssi राजेश बिष्ट, तहसीलदार/दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी, ईओ कुलदीप सिंह चौहान, चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम प्रधान, शफकत अली, लेखाकार राव सद्दाम, सुपरवाइजर राव शारिक, इंतखाब आलम, अफजाल, असलम कुरैशी समेत अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



