क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सोमवार सुबह रुड़की के कोर कॉलेज के समीप हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि राहगीरों की सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान महबूब (45) निवासी बेलड़ा और राशिद निवासी मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों सोमवार सुबह रोज की तरह मजदूरी पर जाने के लिए बाइक से निकले थे।

इसी दौरान कोर कॉलेज के पास हाईवे पर एक कंपनी के कर्मचारियों को लेने जा रही बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकले दोनों मजदूरों की असमय मौत ने उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।



