
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के समीप निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर के नीचे एक के ऊपर एक रखे भारी-भरकम लोहे के चैनल (गार्डर) अचानक गिरने से दो कांवड़ियों की मौत मामले में पुलिस ने मृतक के पिता मटरू की तहरीर के आधार पर NHAI के खिलाफ लापरवाही बरतने की धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
मृतक कृष्ण के परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि मोदीनगर के भोजपुर स्थित गांव शकूरपुर निवासी कृष्ण और मुरादनगर के गांव जलालाबाद निवासी तनुज गहरे दोस्त थे।
बताया कि दोनों लगभग पांच साल से एक साथ कांवड़ ला रहे थे। बीते शनिवार को दोनों कांवड़िए यात्रा के दौरान कुछ देर आराम करने के लिए बढेडी राजपूतान फ्लाईओवर के नीचे रुके थे।
इसी दौरान वहां रखा विशाल लोहे का गाटर अचानक खिसककर उनके ऊपर आ गिर गया था। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी और सूचना मिलते ही पुलिस व राहत टीम मौके पर पहुंची थी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

देर रात ही बड़ी संख्या में परिजन और मृतक कावड़ियों के गांव के लोग शांतरशाह चौकी पहुंचे और तत्काल पोस्टमार्टम और NHAI के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगें।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर देर रात ही दोनों कांवड़ियों का पोस्टमार्टम कराना पड़ा। और उधर पुलिस ने मृतक कृष्ण के पिता की तहरीर के आधार पर कार्यवाही करते हुए NHAI के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।



