क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) GRP रेलवे स्टेशन रुड़की पर तैनात पुलिस कर्मियों की सतर्कता और तत्परता के चलते एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया।

महिला जनरल कोच में यात्रा के दौरान अत्यधिक भीड़भाड़ के कारण अपने परिवार से बिछड़ गई थी, जिसके बाद GRP पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे खोज निकाला।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की दोपहर नगर नियंत्रण कक्ष रुड़की से सूचना प्राप्त हुई कि ज्ञानवती चौहान (55 वर्ष), पत्नी शीशराम चौहान, निवासी आदर्श नगर रुड़की, पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रही थीं। ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह अपने परिजनों से अलग हो गईं, जिससे परिवार के लोगों में चिंता फैल गई।
सूचना मिलते ही GRP रेलवे स्टेशन रुड़की पर तैनात पुलिस कर्मियों को अलर्ट किया गया। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर GRP पुलिस टीम ने तत्काल महिला की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बरामद कर GRP चौकी पर पहुंचाया। वहां महिला कांस्टेबल ममता की निगरानी में उन्हें सुरक्षित रखा गया तथा उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। कुछ ही देर बाद महिला के परिजन चौकी पहुंचे। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ज्ञानवती चौहान को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बुजुर्ग महिला को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली और GRP पुलिस टीम का धन्यवाद व्यक्त किया।
GRP रेलवे टीम में ये रहे शामिल…….
- अपर उप निरीक्षक गिरीश चंद्र उनियाल
- कांस्टेबल चंद्र किरण
- कांस्टेबल जाहुल हसन
- कांस्टेबल सनी कुमार
- महिला कांस्टेबल सरयू सैनी
- महिला कांस्टेबल ममता
- महिला कांस्टेबल कविता सैनी



