
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) क्लिक उत्तराखंड:-(ब्यूरो) राजधानी के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। सन्नाटे को चीरती गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।
इस खतरनाक भिड़ंत में थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौड़ बहादुरी से मुकाबला करते हुए गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इलाके में लूट की वारदात की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और बदमाशों की घेराबंदी करते हुए उनका पीछा शुरू किया।

जैसे ही पुलिस टीम आरोपियों के करीब पहुंची, बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश ढेर हो गया।

मुठभेड़ के दौरान SHO नरेश राठौड़ को गोली लग गई, लेकिन उन्होंने घायल होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी और टीम का नेतृत्व करते रहे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को फिलहाल स्थिर बताया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस को शक है कि इस वारदात में और भी अपराधी शामिल हो सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। फिलहाल, प्रेमनगर क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



