
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार के देहात क्षेत्रों में इन दिनों जंगली जानवरों की बढ़ती आमद ने लोगों की नींद उड़ा दी है। पहले गुलदार की लगातार दिख रही मौजूदगी से लोग सहमे हुए थे, और अब जंगली हाथियों की धमक ने हालात और भी ज्यादा भयावह कर दिए हैं।
ताजा मामला बहादराबाद क्षेत्र के भौंरी गांव का है, जहां बीती रात जंगली हाथियों के झुंड पहुंचने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों के मुताबिक देर रात अचानक खेतों की ओर से तेज आवाजें आने लगीं। जब लोगों ने बाहर निकलकर देखा तो एक हाथी गांव के आसपास जंगल में घूमते नजर आया। हाथी ने खेत में खड़ी गन्ने की फसल को रौंदते हुए नुकसान पहुंचाया, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। डर के मारे ग्रामीण अपने घरों में दुबक गए और पूरी रात दहशत के साए में गुजारी।
गांव के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में लगातार जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। पहले गुलदार की दहशत थी, अब हाथी की दस्तक ने खतरा और बढ़ा दिया है। बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि आए दिन जंगली जानवरों के आतंक से राहत मिल सके। अगर जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।



