
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कलियर क्षेत्र के लिटिल स्कॉलर हाईस्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उमंग और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी के रंग में रंगे विद्यालय परिसर में उस वक्त मनमोहक नजारा देखने को मिला, जब नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में सज-धजकर विद्यालय पहुंचे।
किसी के हाथ में मुरली थी तो कोई नन्हे कान्हा के रूप में नजर आया। राधा के स्वरूप में सजी बच्चियों ने अपनी मासूमियत और मनमोहक अंदाज से हर किसी का दिल जीत लिया। पूरे विद्यालय परिसर में “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष गूंजते रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती से हुई।
प्रधानाचार्या सीमा गोयल ने पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद भक्तिमय भजनों ने माहौल को पूरी तरह कृष्णमय कर दिया। जन्माष्टमी समारोह का सबसे आकर्षक केंद्र बच्चों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण लीला की शानदार झांकी रही। नन्हे कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को मंच पर इस खूबसूरती से प्रस्तुत किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध होकर देखते रह गए।
बच्चों की शानदार प्रस्तुति पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं कृष्ण जन्माष्टमी डांस में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। नन्हे कलाकारों के उत्साह और आत्मविश्वास ने शिक्षकों और उपस्थित लोगों को खूब प्रभावित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या सीमा गोयल ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्म, प्रेम, मित्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने जन्माष्टमी कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।



