
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। सड़कों पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी ने जहां असामाजिक तत्वों में सख्त संदेश दिया, वहीं आम जनता और शिवभक्त कांवड़ियों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत किया।
फ्लैग मार्च शांतरशाह चौकी क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान, कोर कॉलेज शांतरशाह समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्र, संवेदनशील इलाकों और कांवड़ यात्रा मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, ग्रामीणों और राहगीरों से संवाद करते हुए कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। यात्रा मार्गों पर लगातार गश्त, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। यात्रा में व्यवधान उत्पन्न करने वाले या कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स पूरी मुस्तैदी के साथ कदमताल करती नजर आई। सुरक्षा बलों की यह संयुक्त मौजूदगी न केवल कानून-व्यवस्था के प्रति प्रशासन की गंभीरता का संदेश थी, बल्कि यह भरोसा भी दिलाती दिखी कि इस बार कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।



