
क्लिक उत्तराखंड:-(ब्यूरो) जिला कारागार सुद्धोवाला में निरुद्ध एक बंदी की उपचार के दौरान मौत हो जाने से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। करीब एक सप्ताह तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 29 वर्षीय बंदी ने दम तोड़ दिया। अब उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार दिलदार (29 वर्ष) पुत्र गुलजार, जिला कारागार सुद्धोवाला में निरुद्ध था। 16 जुलाई 2026 को उसकी तबीयत अचानक गंभीर होने पर उसे पहले जिला चिकित्सालय कोरोनेशन ले जाया गया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसी दिन दोपहर करीब 1:25 बजे उसे राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
दून मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की टीम लगातार उसका उपचार करती रही, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार 23 जुलाई की रात 11:42 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई जारी है।



