
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पुलिस विभाग में तैनाती बदलती रहती है, लेकिन अधिकारियों की कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की यादें हमेशा बनी रहती हैं। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून से स्थानांतरित हो रहे चार निरीक्षकों को समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गई।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तैनात निरीक्षक देवेन्द्र नबियाल, विकास भारद्वाज, नीरजा यादव और त्रिभुवन रौतेला के स्थानांतरण पर विदाई समारोह आयोजित किया गया।
चारों निरीक्षकों ने अपने कार्यकाल के दौरान साइबर अपराधों से जुड़े कई जटिल और चुनौतीपूर्ण मामलों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और अन्य वित्तीय साइबर अपराधों की विवेचना में उनकी तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता की सराहना की गई।
समारोह में एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने चारों अधिकारियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन अधिकारियों की कार्यनिष्ठा, अनुभव और टीम के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाता है।
उन्होंने अधिकारियों को नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक शांतनु पाराशर (साइबर उत्तराखंड), अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ विवेक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ ऋषि चमोला और पुलिस उपाधीक्षक प्रवेश अली (एएनटीएफ उत्तराखंड) समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



