
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) COER विश्वविद्यालय में दीपावली के उपलक्ष्य में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
दीपों की जगमगाहट, आकर्षक सजावट और भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच पूरा विश्वविद्यालय परिसर राममय नजर आया। ‘प्रतीक्षा, आगमन और उत्सव’ की विशेष थीम पर आयोजित कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने के प्रसंग को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनमोहक झांकियों के जरिए जीवंत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जेसी जैन, उपाध्यक्ष डॉ. श्रीयांस जैन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. चारु जैन और कुलपति डॉ. अनुभा सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं अतिथियों की मौजूदगी में हुआ।
दीपोत्सव के दौरान तीन चरणों में रामायण के भावपूर्ण प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया। पहले चरण ‘प्रतीक्षा’ में भगवान श्रीराम के वनवास के दौरान अयोध्यावासियों की प्रतीक्षा, माता सीता के त्याग और भरत के समर्पण को दर्शाया गया।
इसके बाद ‘आगमन’ चरण में श्रीराम, सीता और लक्ष्मण की अयोध्या वापसी का दृश्य आकर्षक झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। पुष्पवर्षा और पारंपरिक संगीत ने इस प्रस्तुति को खास बना दिया। वहीं, तीसरे चरण ‘उत्सव’ में दीप प्रज्ज्वलन और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच दीपावली का उल्लास देखने को मिला।
परिसर में की गई पारंपरिक सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और सामूहिक प्रयासों ने समारोह को यादगार बना दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आयोजन समिति, शिक्षकों और विद्यार्थियों के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का माध्यम हैं। दीपोत्सव ने परिसर में आपसी सहयोग, एकता और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का संदेश दिया



