
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता की जांच करना ग्राम प्रधान को भारी पड़ गया। पात्रता को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने प्रधान के घर में घुसकर उनके पिता के साथ मारपीट कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने प्रधान को जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, एससी-एसटी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर दयालपुर गांव का है। गांव के वर्तमान प्रधान शाहुन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटन के लिए पात्रता की जांच ग्राम प्रधान स्तर से की जा रही थी।
इसी दौरान सुलोचना पत्नी अजय कुमार और सोहित पुत्र सेवाराम अपनी-अपनी पात्रता का दावा कर रहे थे। तहरीर के मुताबिक, 24 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे सुलोचना और सोहित पक्ष के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद रोहित पुत्र चंद्रपाल, राजेश कुमार पुत्र मुखराम और कुलवीर पुत्र ओमपाल हाथों में डंडे लेकर विनय पुत्र राजेश कुमार, सोहित पुत्र सेवाराम, टीटू पुत्र मुखराम और कई अन्य लोगों के साथ प्रधान के घर पहुंच गए।
आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और प्रधान को जिंदा नहीं छोड़ने की धमकी देने लगे। प्रधान के पिता सादिक ने जब उन्हें घर में घुसने से रोका तो आरोपियों ने डंडों और लात-घूंसों से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर गांव के पप्पू, सालिम, रियासत समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। प्रधान का आरोप है कि जाते-जाते आरोपी उन्हें एससी-एसटी के मुकदमे में फंसाने और बदनाम करने की धमकी भी दे गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



