
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में बाइक मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का समाजसेवियों ने सम्मान कर हौसला बढ़ाया।
समाजसेवियों ने बहादराबाद कोतवाली पहुंचकर कोतवाल अमरजीत सिंह को शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान पुलिस की तत्परता और मेहनत की सराहना करते हुए कहा गया कि गंभीर वारदात का जल्द खुलासा होने से आमजन का पुलिस और कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।
कुछ दिन पहले शांतरशाह में नकाबपोश बदमाशों ने बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस के सामने हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने और आरोपितों तक पहुंचने की बड़ी चुनौती थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई स्तरों पर जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ और अन्य पहलुओं पर लगातार पड़ताल की। लगातार जांच के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले और टीम आरोपितों तक पहुंच गई।
पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक आरोपित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे मुख्य आरोपित को फतेहपुर छुटमलपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र के समाजसेवियों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कोतवाली पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाया। समाजसेवियों ने कहा कि गंभीर अपराध के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।
पुलिस और समाज के बीच बेहतर तालमेल से अपराध पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलती है।
सम्मान के दौरान कोतवाल अमरजीत सिंह ने समाजसेवियों का आभार जताते हुए कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। समाज की ओर से अच्छे कार्य के लिए मिलने वाला सम्मान पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाता है और उन्हें आगे भी पूरी लगन से काम करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।



