
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 32 किलो 106 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया।
आरोपित गांजे को कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को कनखल पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर पैदल आ रहे तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दो ट्रॉली बैग और एक सफेद कट्टे में टेप से लिपटे कई पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने बताया कि गांजे को करीब एक-एक किलो के छोटे पैकेट बनाकर रखा गया था।
पुलिस और आम लोगों की नजरों से बचने के लिए आरोपितों ने गांजे को कपड़ों के ट्रॉली बैग में छिपाया था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिपेश पुत्र गोल्डन झा निवासी बैरागी कैंप कनखल, रणजीत लाकड़ा पुत्र विशु लाकड़ा निवासी ठोकर नंबर-10, कनखल और आदित्य राय पुत्र मुकेश राय निवासी मीना बाजार, लोहाघाट, चम्पावत के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दिपेश के कब्जे से 11 किलो 35 ग्राम, रणजीत से 14 किलो 32 ग्राम और आदित्य के कब्जे से 7 किलो 32 ग्राम गांजा बरामद हुआ। तीनों के खिलाफ कनखल कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामदगी……..
- दिपेश के कब्जे से 11 किलो 35 ग्राम गांजा
- रणजीत के कब्जे से 14 किलो 32 ग्राम गांजा
- आदित्य के कब्जे से 07 किलो 32 ग्राम गांजा
कुल बरामदगी…..
- 32 किलो 106 ग्राम अवैध गांजा
पुलिस टीम में…..
- वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज गैरोला
- उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह रावत
- अपर उ०नि० ललित मोहन अधिकारी
- हेड कांस्टेबल प्रमोद शर्मा
- कांस्टेबल रणजीत सिंह
- कांस्टेबल गजय तोमर



