
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव में निर्माणाधीन हाईवे के पास 19 सितंबर को मिले अज्ञात शव की तीन दिन बाद पहचान हो गई।
मृतक की पहचान मोहम्मद हारून निवासी मानपुर साबित, जिला मुरादाबाद के रूप में हुई है। हारून के कलियर से लापता होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे के समीप खेत में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला था। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।
जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
इसके साथ ही पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए उसकी फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित की और आसपास के जिलों के साथ ही पड़ोसी राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया।
तीन दिन तक किए गए प्रयास के बाद मृतक की पहचान मोहम्मद हारून निवासी मानपुर साबित, जिला मुरादाबाद के रूप में हुई। परिजनों ने फोटो के आधार पर उसकी शिनाख्त की। बताया गया कि हारून कलियर से लापता हुआ था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह कलियर से बढ़ेड़ी राजपूतान तक कैसे पहुंचा, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।



