
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को सिडकुल पुलिस और सीआईयू की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी धमकी देने के बाद जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से तमंचा लेकर हरिद्वार पहुंचा था।
मामला 11 सितंबर का है। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके मोबाइल पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। शिकायत पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद सिडकुल पुलिस और सीआईयू लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। सोमवार को सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने हिमांशु चोढा को दबोच लिया।
तलाशी में उसके पास से तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद हुआ पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। आरोपी के अनुसार, पत्नी से जेल में मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा अधिक पूछताछ किए जाने से वह नाराज था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने लुधियाना जाकर नए मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक को धमकी भरे मैसेज भेजे। बाद में सोशल मीडिया से मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर आरोपी तमंचा लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा। वह जेल की ओर जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने बरामद तमंचे के मामले में मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में भी मुकदमा दर्ज है। मामले में आरोपी की पत्नी शीला के खिलाफ भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष अजय शाह, उप निरीक्षक देवेंद्र चौहान, कांस्टेबल नरेंद्र चौहान, हरि सिंह तथा सीआईयू प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल मनोज रावत, कांस्टेबल हरवीर रावत, नरेंद्र और उमेश शामिल रहे।



