
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) दून जिले के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से बदमाश अंकित चौहान घायल हो गया।
उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में सर्च अभियान चला रही है।
पुलिस के मुताबिक, अंकित चौहान ने कुछ दिन पहले शिमला बायपास रोड पर बैंककर्मी सत्यम चौहान को जान से मारने की नीयत से गोली मारी थी। पूछताछ में सामने आया कि सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, सत्यम की पूर्व महिला मित्र मालिया रहमान ने अंकित को उसकी फोटो और बैंक कार्यालय की जानकारी दी थी। सौदे के तहत उसे 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी दिल्ली और हरियाणा चले गए थे।
शुक्रवार को दोनों बची रकम लेने देहरादून पहुंचे थे। गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक देखकर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों भाग निकले।
पुलिस ने पीछा किया तो चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर दोनों जंगल में घुस गए और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित के पैर में गोली लगी, जबकि अंकुर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार अंकित पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है।



