
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स में अकीदत के साथ शामिल होने आया 19 वर्षीय आरिश गंगनहर में डूबकर लापता हो गया। जिस सफर पर वह इबादत और जियारत की उम्मीद लेकर घर से निकला था।
वही सफर परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक हादसा बन गया। आरिश के गंगनहर में डूबने की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जानकारी के मुताबिक, आरिश निवासी सेलाकुई मोहल्ला, पार्ट नंबर-05, जिला देहरादून, दरगाह साबिर पाक के उर्स में अपने परिवार के साथ शामिल होने कलियर आया था।
इसी दौरान गंगनहर में नहाते समय अचानक उसका पैर गहरे पानी में चला गया और वह देखते ही देखते तेज बहाव में लापता हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरिश का कोई पता नहीं चल सका। सबसे दर्दनाक बात यह है कि आरिश की शादी महज एक साल पहले हुई थी।
जिस घर में उसकी नई जिंदगी की खुशियां बसनी शुरू हुई थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर गुजरते पल के साथ परिवार की उम्मीद और बेचैनी बढ़ती जा रही है।
सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और गंगनहर में आरिश की तलाश शुरू कर दी। देर तक तलाश जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परिजन गंगनहर के किनारे आंखों में आंसू लिए उसके मिलने की दुआ कर रहे हैं।



