
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार जिले में शनिवार को कुदरत का ऐसा कहर बरपा कि दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। खेत में काम कर रहे दो किसानों की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नगीन सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी डालूवाला मज़बता और रणधीर सिंह उम्र 40 निवासी खाला टिहरा दोनों किसान खेत में कृषि कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे खेत पर आ गिरी।
बिजली की चपेट में आने से दोनों किसान गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने जब घटना देखी तो तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों किसानों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन भी पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



