
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी की जोरदार टक्कर होने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों में नाना, नानी और उनका पांच वर्षीय पोता शामिल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस के अनुसार, हादसे से कुछ देर पहले हाईवे पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की दूसरी स्कूटी से टक्कर हुई थी। सूचना मिलने पर श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर ही खड़ी रही, जो बाद में एक और बड़े हादसे का कारण बन गई।

इसी दौरान वीर सिंह (52), उनकी पत्नी मंजू देवी (50) और उनका पांच वर्षीय पोता शिवा सिंह स्कूटी से हरिद्वार से अपने गांव गाजीवाली लौट रहे थे। श्यामपुर फ्लाईओवर पर पहुंचते ही उनकी स्कूटी सड़क घेरकर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अवनी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।


