
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) रुड़की तहसील कार्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विजिलेंस की टीम ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के पेशकार का कार्य देख रहे पीआरडी जवान संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि उसने भूमि के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले 4500 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
मामला तब सामने आया जब एक व्यक्ति ने विजिलेंस सेक्टर देहरादून में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन की जमीन का दाखिल-खारिज दर्ज कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस ने ट्रैप की योजना बनाई।
शुक्रवार को जैसे ही शिकायतकर्ता तय रकम लेकर तहसील पहुंचा, आरोपी ने खुद पैसे लेने के बजाय रकम अपने एक सहयोगी को थमा दी। विजिलेंस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार को मौके पर ही दबोच लिया, लेकिन उसका साथी रिश्वत की रकम लेकर फरार हो गया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं फरार आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें जुट गई हैं। इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। विजिलेंस विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगे जाने पर तुरंत शिकायत करें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।



