
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बुग्गावाला थाना क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।
जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में पुलिस ने सघन कांबिंग अभियान चलाया और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार थाना अध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश बॉर्डर की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक बंजारावाला गांव की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रुकने का संकेत दिया, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाश बाइक दौड़ाकर भाग निकले।
इस दौरान पुलिस लगातार बदमाशों के पीछे लगी रही। कुछ दूरी पर पहुंचते ही बदमाशों ने बच निकलने के लिए पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश लुकमान निवासी गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि उसका साथी गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल तुंरत अस्पताल पहुंचे। और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाश लुकमान हाल ही में अमानतघर स्थित बंद पड़ी बीयर फैक्ट्री में चौकीदार को गोली मारकर घायल करने की सनसनीखेज वारदात में शामिल था। इस घटना के बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे और उनकी तलाश की जा रही थी। घायल बदमाश को कड़ी सुरक्षा के बीच रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।



