
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) मां अपने मानसिक रूप से बीमार बेटे को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। गणेशपुर पुल पर पहुंचते ही 27 वर्षीय युवक ने अचानक गंगनहर में छलांग लगा दी और देखते ही देखते तेज बहाव में ओझल हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, ढंढेरा निवासी सचिन पिछले काफी समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था और उसका उपचार चल रहा था। बुधवार को उसकी मां उसे डॉक्टर के पास दिखाने ले जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही दोनों गणेशपुर पुल पर पहुंचे, सचिन अचानक रेलिंग पर चढ़ गया। मां कुछ समझ पातीं और उसे रोक पातीं, उससे पहले ही उसने गंगनहर में छलांग लगा दी।

बेटे को अपनी आंखों के सामने नहर में कूदता देख मां बदहवास हो गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंगनहर और सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जल पुलिस के गोताखोरों को भी बुलाया गया।

जिन्होंने काफी देर तक नहर में युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस के अनुसार युवक मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। फिलहाल गोताखोरों और पुलिस की टीम लगातार तलाश अभियान चला रही है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।



