क्लिक उत्तराखंड:-(ब्यूरो) बीजेपी से निष्कासित नेता और पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। बताया जा रहा है कि हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से देहरादून पुलिस ने पूर्व विधायक को गिरफ्तार किया है।![]()
ये गिरफ्तारी बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण को लेकर वायरल हुई ऑडियो के मामले में बताई जा रही है। इस प्रकरण में देहरादून के डालनवाला थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

गौरतलब है कि सुरेश राठौड़ ज्वालापुर विधानसभा से बीजेपी के विधायक रह चुके हैं। पिछले दिनों सहारनपुर की रहने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर कई ऑडियो शेयर किए थे। इन ऑडियो को कथित रूप से अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा बताया गया था।
दुष्यंत गौतम और आरती गौर ने दी थी शिकायत…..
शिकायतकर्ताओं दुष्यंत गौतम और आरती गौर ने आरोप लगाया कि प्रसारित सामग्री जानबूझकर उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने के मकसद से तैयार की गई थी। आरोप है कि इस कथित साजिश में कांग्रेस पार्टी, आम आदमी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल से जुड़े कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने मिलकर प्रदेश और अन्य राज्यों में तनाव, उपद्रव और दंगे जैसी स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया है।
वहीं सुरेश राठौर ने देहरादून और हरिद्वार जिलों में अपने खिलाफ दर्ज 4 अलग-अलग प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें चुनौती दी थी। जिसमें उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित आपत्तिजनक ऑडियो और वीडियो क्लिप को सोशल मीडिया से वायरल करने के आरोप में पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ दर्ज 4 एफआईआर में से दो को रद्द कर दिया था. हालांकि कोर्ट ने बाकी दो एफआईआर में पुलिस जांच जारी रखने की अनुमति दे दी थी।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि बताया कि डालनवाला कोतवाली में दर्ज मुकदमे में सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ डालनवाला कोतवाली के अलावा अन्य थानो में भी मुकदमे दर्ज हैं।



