
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कोतवाली मंगलौर पुलिस ने डेढ़ वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए फरार चल रहे आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस ने 5 हजार का इनाम भी घोषित किया था।

मंगलौर निवासी एक महिला ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने पति फैजान पर उसके डेढ़ साल के बच्चे की हत्या का आरोप लगाया था।

महिला ने बताया कि आरोपी बच्चे का सौतेला पिता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की।
लगातार दबिश के बावजूद आरोपी के ठिकाने बदलने पर उस पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया।

पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत और संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए आरोपी फैजान को मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ आरोपित फैजान ने कुबूल किया कि उसके महिला से प्रेम संबंध थे और शादी के बाद घरेलू विवाद बढ़ गए। पूर्व पति से जन्मे बच्चे की जिम्मेदारी से परेशान होकर 17 फरवरी को आरोपी ने गुस्से में बच्चे को थप्पड़ मारे और फिर उसकी छाती पर लात मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।


