
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) विश्व विख्यात दरगाह साबिर पाक के सज्जादानशीन परिवार की ओर से एक गंभीर मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की गई हैं।
शिकायतकर्ता ने महिला जायरीनों पर गलत टिप्पणी करने वाले मनचलों पर लगाम कसने के पुलिस बल की मांग की हैं इसके साथ ही उन्होंने आसपास क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। जिससे मनचलों को आसानी से चिन्हित किया जा सके।

सज्जादानशीन परिवार के शाह यासिर एजाज साबरी ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करते हुए बताया कि दरगाह साबिर पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में अकीदतमंद जायरीन हाजिरी लगाते हैं। क्योंकि ये स्थान सांप्रदायिक सौहार्द, आध्यात्मिक शांति और आपसी भाईचारे का प्रतीक मानी जाती है।
इसलिए यहां पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में अकीदतमंद जायरीन अकीदत के साथ हाजिरी लगाते हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि पिछले कुछ समय से दरगाह परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में असामाजिक एवं आवारा तत्वों की गतिविधियाँ बढ़ती जा रही हैं।

विशेष रूप से आसपास के कुछ आवारा युवक समूह बनाकर दरबार क्षेत्र, मुख्य मार्गों तथा बाजार के पास खड़े रहते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं एवं युवतियों पर अभद्र टिप्पणियाँ करते हैं, छेड़छाड़ करते हैं उन्होंने बताया इस प्रकार की घटनाएँ न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती हैं।

बल्कि दरगाह की पवित्रता, गरिमा एवं श्रद्धालुओं की आस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि महिलाएँ एवं बुजुर्ग श्रद्धालु असहज होकर बिना जियारत किए ही लौटने को विवश हो जाते हैं। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।
उन्होंने मांग की हैं कि दरगाह परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की जाए। इसके साथ ही सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए ताकि असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके।
वही उन्होंने प्रमुख स्थानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उनकी सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दरगाह क्षेत्र को “सुरक्षित धार्मिक क्षेत्र” घोषित कर विशेष सुरक्षा योजना लागू किए जाने की मांग की हैं।
