
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बेड़पुर चौक के पास त्यागी ढाबे पर 24 अगस्त की देर रात हुई फायरिंग की वारदात का पिरान कलियर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक होटल में खाने-पीने को लेकर हुए विवाद के बाद होटल स्वामी से रंजिश पैदा हुई थी।
इसी रंजिश में आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर होटल स्वामी को सबक सिखाने की योजना बनाई और रात के अंधेरे में उस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
होटल स्वामी सुहेब पुत्र इदरीश निवासी बेड़पुर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने CCTV फुटेज खंगालने के साथ-साथ सुरागरसी-पतारसी और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की गतिविधियों और लोकेशन को ट्रेस करती रही। जांच के दौरान घटना में विशु सैनी (22 वर्ष), निवासी गुम्मावाला, पिरान कलियर का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे 1 सितंबर को खादर वाली रोड स्थित ट्यूबवेल के पास गुम्मावाला से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का एक तमंचा भी बरामद किया गया है। घटना में शामिल अन्य सह-अभियुक्तों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत शिकंजा….
फायरिंग जैसी गंभीर वारदात के बाद फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए पिरान कलियर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जमीनी स्तर की पुलिसिंग का सहारा लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया है, जबकि पुलिस अब अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
विशु सैनी पुत्र अरुण कुमार, निवासी ग्राम गुम्मावाला, थाना पिरान कलियर, उम्र 22 वर्ष
पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल संजय रावत, हेड कांस्टेबल बबलू कुमार और कांस्टेबल मौ. आबिद शामिल रहे।



