
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होते ही कुछ दलाल भी सक्रिय होने लगे हैं। व्यापारियों को दुकान आवंटित कराने के नाम पर रिश्वत की मांग कर झांसा दिए जाने की शिकायतों के बीच मंडी प्रशासन ने व्यापारियों को सतर्क रहने की अपील की है।
मंडी सचिव लवकेश गिरी ने स्पष्ट किया कि दुकानों के आवंटन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और निर्धारित नियमों के तहत की जा रही है। पात्रता पूरी करने वाले आवेदकों को ही कमेटी द्वारा नियमों के अनुसार दुकान आवंटित की जाएगी। इसमें किसी बाहरी व्यक्ति या दलाल की कोई भूमिका नहीं है।
सचिव ने व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी व्यक्ति के बहकावे में आकर दुकान आवंटन के नाम पर रुपये न दें। यदि कोई व्यक्ति दुकान दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगता है या मंडी समिति के नाम का इस्तेमाल कर व्यापारियों को गुमराह करता है तो उसके खिलाफ शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शासन की निगरानी में गठित कमेटी द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। आवंटन से पहले सभी निर्धारित नियमों और पात्रता मानकों का पालन किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल मंडी प्रशासन को देने की अपील की।



