
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सावन के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक को लेकर महमूदपुर और बाजूहेड़ी समेत अन्य क्षेत्रों में आस्था के साथ सुरक्षा का भी अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा।
शिवालयों से लेकर आसपास के रास्तों तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं के शिवालयों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। हाथों में गंगाजल और जुबां पर भोलेनाथ का नाम लिए श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
जैसे-जैसे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई, वैसे-वैसे पुलिस की निगरानी भी और सख्त होती गई। महमूदपुर और बाजूहेड़ी में पुलिस बल ने मंदिर परिसरों के साथ ही प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर मोर्चा संभाले रखा।
पुलिसकर्मी लगातार भीड़ की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। इस दौरान पूरा माहौल ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से भक्तिमय नजर आया।
श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ शिवलिंग पर जल चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासन की सतर्कता के चलते महमूदपुर और बाजूहेड़ी में जलाभिषेक शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराया गया।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट,हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, कांस्टेबल जितेंद्र, कांस्टेबल चालक नीरज राणा समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



