
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलकी मसाई गांव में गुरुवार देर शाम आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आम के बाग में काम कर रहे मजदूरों पर दर्जनों युवकों द्वारा लाठी-डंडों से हमला किए जाने का आरोप है।
घटना ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बाग में रखा आम भी अपने साथ ले गए और कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की हैं। चूंकि मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा बताया जा रहा है, इसलिए पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बेलकी मसाई स्थित आम के बाग में गुरुवार देर शाम मजदूर आम तोड़ने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आम तोड़ने को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि थोड़ी ही देर बाद दर्जनों युवक लाठी-डंडों से लैस होकर बाग में पहुंचे और मजदूरों को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले में सिकरौढ़ा निवासी फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य मजदूर को भी गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि हमलावर बाग में रखा आम भी अपने साथ ले गए।
आरोपों के मुताबिक, बाग से निकलने के बाद भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने गांव के मुख्य मार्ग पर राहगीरों के साथ भी मारपीट की कोशिश की।
आरोप हैं कि करीब 40-50 हमलावर घंटों चौराहे पर लाठी डंडे लेकर खड़े रहे। जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उपद्रवियों को मौके से खदेड़ा और गांव में शांति व्यवस्था कायम कराई।
दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फुरकान की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।



