क्लिक उत्तराखंडः-(बुरहान राजपूत) नेशनल पब्लिक सर्विस ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णकान्त द्वारा उनके विरूद्ध कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर किये जा रहे मानहानिकारक पोस्ट एवं कमेंट का मामला न्यायालय पहुंचने के बाद अब मामला कृष्णकान्त को धमकी देने और पूरे सिस्टम को चुनौती देने के आरोपों तक पहुंच गया है।
नेशनल पब्लिक सर्विस ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्णकांत ने शेरपाल चौहान पर कृष्णकान्त को मुकदमा करना भारी पडने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कृष्णकांत का दावा है कि अदालत से नोटिस जारी होने के करीब एक घंटे बाद ही उनके पास शेरपाल चौहान का धमकी भरा फोन आया।
कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने से मामला चर्चा में आ गया है। कृष्णकांत ने 8 नवंबर को पुलिस महानिदेशक, एसएसपी हरिद्वार और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर शेरपाल चौहान, आकाश सैनी, जेनिश सैनी, जुरेश कुमार और उनके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कृष्णकान्त ने अपनी जान का खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने हेतु उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा।
पत्र में कृष्णकांत ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों के खिलाफ पूर्व में भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, राज्य सूचना आयुक्त और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े विवाद सामने आ चुके हैं। आकाश सैनी द्वारा आईजी के खिलाफ कथित अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, राज्य सूचना आयुक्त के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी करने एवं जेनिश सैनी के साथ मिलकर महिला ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के जातिगत उत्पीड़न और और अन्य अधिकारियों को प्रताडित करने समेत शेरपाल चौहान द्वारा राशन डीलरों को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने जैसे मामलों का भी उल्लेख किया गया है।
जुरेश को सजा के बाद बढ़ा विवाद….
मामले की पृष्ठभूमि में कृष्णकांत की ओर से शेरपाल चौहान के साथ कार्य करने वाले जुरेश कुमार के विरूद्ध दर्ज कराया गया वित्तीय वाद भी शामिल है। इस मामले में कुछ दिन पूर्व अदालत ने जुरेश कुमार को एक वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद कृष्णकांत के खिलाफ शेरपाल चौहान द्वारा कृष्णकान्त के विरूद्ध सोशल मीडिया पर कथित मानहानिकारक पोस्ट और अमर्यादित टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगा। इस पर उन्होंने सिविल जज (सीनियर डिवीजन), हरिद्वार के न्यायालय में स्थायी निषेधाज्ञा का वाद दायर किया। न्यायालय ने शेरपाल चौहान, आकाश सैनी, जेनिश सैनी और जुरेश कुमार को नोटिस जारी किए।
नोटिस के एक घंटे बाद फोन आने का दावा….
कृष्णकांत के अनुसार, न्यायालय से नोटिस जारी होने के करीब एक घंटे बाद शेरपाल चौहान ने उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि फोन पर डीएम, एसपी और डीएसपी समेत सिस्टम को चुनौती देने जैसी बातें भी कही गईं। कृष्णकांत का कहना है कि उनके पास पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित है, जिसे पुलिस जांच या न्यायालय के समक्ष साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।
कृष्णकांत ने अपने पत्र में शेरपाल चौहान के खिलाफ पूर्व में दर्ज रंगदारी संबंधी मुकदमे और आकाश सैनी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग के आरोपों से जुड़े मुकदमे का भी उल्लेख किया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और तत्काल पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और कथित ऑडियो की प्रामाणिकता जांच का विषय है। अब पुलिस-प्रशासन और न्यायालय की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।


