क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) प्रदेश में प्रतिबंध के बावजूद गुटखा और तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने खड़खड़ी, भूपतवाला और भीमगोड़ा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाते हुए दुकानों पर छापेमारी की।
कार्रवाई से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बेचने वालों में खलबली मची रही। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग दुकानों की जांच की।
प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करते पाए गए दुकानदारों के खिलाफ कोटपा अधिनियम (COTPA) के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दुकानदारों को साफ चेतावनी दी कि भविष्य में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों की जांच कर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।



