
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) नए चेहरे, नई उम्मीदें और जोश से लबरेज माहौल… हरिद्वार विश्वविद्यालय में शनिवार की देर शाम कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। मौका था नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत में आयोजित ‘नवारंभ 2026’ फ्रेशर्स समारोह का।
मंच सजा तो विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से ऐसा रंग जमाया कि पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। किसी ने संगीत से समां बांधा तो किसी ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी।
फैशन वॉक और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हर प्रस्तुति के साथ उत्साह बढ़ता गया।
अभिनव और रोहिणी ने मारी बाजी…..
समारोह का सबसे रोमांचक मुकाबला मिस्टर फ्रेशर और मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रहा। प्रतिभा, आत्मविश्वास और मंच पर प्रस्तुति के आधार पर अभिनव वशिष्ठ ने मिस्टर फ्रेशर 2026 और रोहिणी कौशिक ने मिस फ्रेशर 2026 का खिताब अपने नाम किया। विजेताओं के नाम की घोषणा होते ही परिसर तालियों से गूंज उठा।
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सीए एस.के. गुप्ता ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उपाध्यक्ष नमन बंसल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नवाचार और उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. राजीव महाजन, प्रति-कुलपति डॉ. आदेश आर्य, कुलसचिव लेफ्टिनेंट सुमित चौहान, ओएसडी अभिनव भटनागर और निदेशक डॉ. विपिन सैनी ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह की संयोजक डॉ. एकता जैन और प्रो. निशा धीमान ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



