
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सर्वानंद घाट के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में उसके शरीर और गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल के पास वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं, जिसके बाद मामले की गुत्थी और उलझ गई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
वही पुलिस हत्या समेत हादसे और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही हैं।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।



