
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) भगवानपुर तहसील की कमान संभालते ही नवनियुक्त तहसीलदार शुभांगिनी रिलकोटिया एक्शन मोड में नजर आईं। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।
अचानक हुए निरीक्षण से कार्यालयों में हलचल का माहौल देखने को मिला। तहसीलदार ने अलग-अलग कार्यालयों में पहुंचकर अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालयी व्यवस्थाओं और कर्मचारियों के कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार शुभांगिनी रिलकोटिया ने स्पष्ट किया कि तहसील कार्यालय में आने वाले फरियादियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और सरकारी कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों और जनसमस्याओं के निस्तारण में तेजी लाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा आमजन के साथ बेहतर व्यवहार रखने के लिए भी निर्देशित किया गया।
नवनियुक्त तहसीलदार के चार्ज संभालते ही निरीक्षण और सख्त निर्देश से साफ संकेत मिल गया है कि भगवानपुर तहसील में अब कामकाज को लेकर सक्रियता और जवाबदेही पर विशेष जोर रहेगा। तहसीलदार की इस शुरुआती कार्रवाई को लेकर कर्मचारियों में भी जिम्मेदारी के साथ काम करने और समय से तहसील पहुंचने को लेकर पेंच कसे गए हैं।


