
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) नशे के खिलाफ छेड़े गए “ऑपरेशन प्रहार-2026” के तहत बहादराबाद पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो दिन में मजदूरी और शाम को चाउमीन का ठेला लगाता था।
लेकिन इसी के साथ कथित तौर पर नशीले इंजेक्शनों की तस्करी भी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 08 प्रतिबंधित Buprenorphine (LEEGESIC) इंजेक्शन बरामद किए हैं।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देश पर जिलेभर में ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा हैं।

ऑपरेशन प्रहार को धार देने के लिए बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने नशे के खिलाफ सख्त निर्देश दिए हुए हैं।

इसी कड़ी में शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए कोर कॉलेज के पास पुलिस टीम के साथ गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली तो उसके पास से नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजकुमार सिंह बताया। उसने दावा किया कि घर की आर्थिक तंगी और परिवार की जिम्मेदारियों के चलते वह इस अवैध धंधे में उतर गया। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके छह बच्चे हैं और सभी बेटियां हैं।पूछताछ के दौरान आरोपी ने इंजेक्शन उपलब्ध कराने वाले एक कथित सप्लायर का नाम भी बताया।

जिसके बाद पुलिस अब उस तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से नशे के नेटवर्क की कई और कड़ियां सामने आ सकती हैं।वही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही में जुटी हुई हैं। इस दौरान पुलिस टीम में शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी, कांस्टेबल चंदन सिंह, होमगार्ड अभिषेक शामिल रहे।



