
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) हरिद्वार में अस्पताल, स्कूल और रिहायशी इलाकों के पास चल रहे शराब के ठेकों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भारत के अग्रणी विधि सेवा संस्थान के निदेशक और लॉ एण्ड जस्टिस सोसायटी के सदस्य कृष्णकांत ने उत्तराखंड सरकार को पत्र भेजकर इन ठेकों को तुरंत हटाने की मांग की है।
विधि सेवा संस्थान के निदेशक और लॉ एण्ड जस्टिस सोसायटी के सदस्य कृष्णकांत का कहना है कि जिन जगहों पर बच्चे पढ़ते हैं, मरीज इलाज कराते हैं और परिवार रहते हैं, वहां शराब के ठेके होने से माहौल खराब हो रहा है। शाम होते ही कई जगह नशे में धुत लोगों की भीड़ लग जाती है, जिससे महिलाओं की सुरक्षा, सड़क हादसे, झगड़े और कानून-व्यवस्था को लेकर खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने दावा किया कि ऐसे कई स्थानों के फोटो और तथ्य जुटाए गए हैं और सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि कोई ठेका नियमों या कोर्ट के निर्देशों के खिलाफ पाया जाता है तो उसे तुरंत हटाया जाए।

विधि सेवा संस्थान के निदेशक और लॉ एण्ड जस्टिस सोसायटी के सदस्य कृष्णकांत ने मुख्य सचिव, आबकारी आयुक्त और जिलाधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारियों से जल्द कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो मामला उत्तराखंड हाईकोर्ट में ले जाया जाएगा। वही उनका कहना है कि उनका मकसद किसी वैध कारोबार का विरोध करना नहीं है। वे सिर्फ यह चाहते हैं कि संवेदनशील जगहों पर शराब के ठेकों के मामले में कानून और कोर्ट के आदेशों का पालन हो और आम जनता, महिलाओं, छात्रों व मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।



