
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सत्ता, शादी और संरक्षित जंगल… जब ये तीनों टकराए, तो निकली एक ऐसी कहानी जिसने पूरे सिस्टम को हिला दिया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजानदास के बेटे की शादी अब “VIP जंगल कांड” के नाम से चर्चा में है।

मामला राजाजी टाइगर रिजर्व के भीतर स्थित मां सुरेश्वरी देवी मंदिर का है, जहां नियमों को ताक पर रखकर शादी समारोह आयोजित कर दिया गया। जैसे ही मामला उजागर हुआ, वन विभाग में हड़कंप मच गया और कार्रवाई की गाज गिरनी शुरू हो गई।

इस प्रकरण में वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दो फॉरेस्ट गार्ड्स को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। वहीं हरिद्वार रेंज के रेंजर महेश सेमलवाल और वन दारोगा अमृता को भी उनके पद से हटा दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद वन महकमे में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि रानीपुर गेट पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड अमित सैनी, अभिषेक कंडारी को लापरवाही पर तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक राजीव धीमान की ओर से यह कार्रवाई की गई है।

बता दें कि कैबिनेट मंत्री की शादी में प्रतिबंधित सामान पहुंचने पर मामले ने तूल पकड़ा था। इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित होने से नियमों की खुलकर अनदेखी हुई, जिस पर विभाग ने जवाबदेही तय करते हुए यह कार्रवाई की है।
सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है और इसमें शामिल अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है। वन विभाग का साफ संदेश है कि नियमों के उल्लंघन पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे मामला कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो।



