
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) शिक्षानगरी रुड़की में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक केमिकल कंपनी के मैनेजर पर अज्ञात हमलावर ने फायरिंग कर दी, गोली लगने से मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन में उसे रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसकी हालत को नाजुक मानते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

वहीं घटना के बाद लोगों में दहशत फैल गई. एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल का कहना है कि मामले की पड़ताल जारी है आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अम्बर तालाब मोहल्ला स्थित रघुनाथ प्लॉट क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक केमिकल कंपनी के मैनेजर दीपेंद्र नामक शख्स पर अज्ञात हमलावर ने फायरिंग कर दी।
बताया गया है कि मैनेजर दीपेंद्र 18 मार्च बुधवार की देर शाम अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावर ने उनके ऊपर अचानक गोली चला दी और हमलावर मौके से फरार हो गया।
वहीं इस हमले में दीपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. जिसके बाद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई, इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल मैनेजर को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद ऋषिकेश के एम्स हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया. उधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने घटना के बारे में जांच पड़ताल की।
फिलहाल पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही जा रही है. पुलिस इस हमले को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

रुड़की एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है. उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
