
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भाजपा नेता और वर्तमान ग्राम प्रधान प्रमोद पाल के आवास पर एक दर्जन से अधिक लाठी-डंडों से लैस दबंगों ने अचानक हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर संगठित तरीके से पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के घर में घुसकर तोड़फोड़ व मारपीट शुरू कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान ग्राम प्रधान प्रमोद पाल और उनके भाई मनोज कुमार को गंभीर चोटें आईं। परिवार के अन्य सदस्यों और बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसियों को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा।
बताया जा रहा है कि इस हिंसक घटना में कई लोग घायल हुए हैं। जिन्हें सिर और हाथ-पैर में चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वे ज्यादा विरोध नहीं कर सके।
घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो चुके थे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि हमले में कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। प्राथमिक जांच में आपसी रंजिश को घटना का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि घटना में कुछ लोगों को चोटें आई है, लेकिन अभी कोई तहरीर नहीं आई हैं। पुलिस वीडियो और सीसीटीवी कैमरे के आधार पर चिन्हित कर आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। 




