
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में सोमवार शाम नाले के तेज बहाव में बही छह वर्षीय मासूम विधिका की तलाश करीब 30 घंटे बाद उसका शव रानीपुर झाल से बरामद हुआ हैं।
मंगलवार देर रात रानीपुर क्षेत्र में बच्ची का शव बरामद होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मौत की खबर से इलाके में भी मातम पसर गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम विधिका अपनी सात वर्षीय सहेली हिमानी के साथ नाले के पास थी। इसी दौरान दोनों अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए हिमानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया,
लेकिन विधिका देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में बह गई। मासूम के बहने की सूचना मिलते ही सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे।
अंधेरा होने के बावजूद टीमों ने रातभर नाले और आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया। पानी के तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच कई घंटे तक बच्ची की तलाश जारी रही।
मंगलवार देर रात रानीपुर क्षेत्र में तलाशी के दौरान टीम को बच्ची का शव बरामद हुआ। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान छह वर्षीय विधिका के रूप में की। मासूम का शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।



