
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पिरान कलियर थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दरगाह साबिर पाक से महज कुछ ही कदमों की दूरी पर एक युवक पर जलती हुई लकड़ी से बेरहमी से हमला किया गया।

जबकि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बनकर पूरा मंजर देखते रहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने हर किसी को हैरान और आक्रोशित कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कलियर में पार्किंग स्थल के समीप बीच रास्ते में लंगर की लाइन लगी हुई थी, तभी किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद हमलावर ने अपना आपा खो दिया और जलती लकड़ी उठाकर युवक पर ताबड़तोड़ वार करने लगा।
पीड़ित युवक बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावर की दरिंदगी के आगे वह बेबस नजर आया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आसपास मौजूद भीड़ ने न तो बीच-बचाव किया और न ही हमलावर को रोकने की कोशिश की।
घटना उस स्थान के बेहद करीब हुई, जहां लोग दरगाह में हाजिरी लगाकर अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगने आते हैं। ऐसे पवित्र स्थल के पास इस तरह की हिंसक वारदात ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना न कानून-व्यवस्था के लिए खुली चुनौती है।
खुलेआम बीच सड़क पर “अवैध अतिक्रमण” कर जलाया जाता हैं “अग्निकुंड”, जायरीनों से अभद्रता पर दरगाह और पुलिस प्रशासन मौन? आखिर कब होगी कार्यवाही……
पिरान कलियर में ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब अवैध अतिक्रमणकारियों द्वारा लंगर (खाना) बनाने की आड में जायरीनों और स्थानीय लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट ना की गई हो, लगातार अवैध अतिक्रमणकारियो की दबंगता और मारपीट की खबरें सामने आती रहती है, जबकि कई बार पार्किंग स्थल के पास, हज हाउस रोड से लेकर पीपल चौक तक फैले अवैध अतिक्रमणकारियों के अग्नि तांडव की खबरें प्रकाशित की गई है, लेकिन दरगाह प्रशासन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के दबाव में आकर इन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई करने से हाथ पीछे खींच लेता हैं, जिसके चलते आए दिन इन लोगों की दबंगता और अधिक हिंसक रूप ले रही हैं, वही बीच रास्तों में जलने वाले अग्निकुंड की वजह से जायरीनों की जान जोखिम में डाली जा रही है। आखिरकार सवाल खड़े हो रहे हैं कि दरगाह और पुलिस प्रशासन कब इनके खिलाफ कार्रवाई करता हैं?
