
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) पथरी थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर चली आ रही रंजिश खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। जिसमें दोनों पक्षों की ओर जमकर लाठी-डंडे और पथराव किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। बताया जा रहा है इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। 
मिली जानकारी के मुताबिक, इब्राहिमपुर गांव में लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। रियासत पुत्र लियाकत और शौकित पुत्र खां मोहम्मद के बीच चल रही रंजिश के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि शौकित ने गांव के कुछ अन्य लोगों को बुलाकर रियासत पक्ष पर हमला करवा दिया।
इसके बाद दोनों पक्षों के दर्जनों लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे।
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस पूरी घटना का वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हिंसक झड़प होती नजर आ रही है। मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
