
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) जिस घर में सात दिन पहले शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, जहां नई जिंदगी के सपने सजाए जा रहे थे और दुल्हन के हाथों की मेहंदी अभी सूखी भी नहीं थी, उसी घर में अब मातम पसरा है। जिस युवक के सिर पर सात दिन पहले सेहरा सजा था।
शुक्रवार को उसी की अर्थी उठी। सड़क हादसे ने एक नवविवाहित जोड़े की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। दूल्हे अंकित की मौत से परिवार ही नहीं, पूरे खानपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार लक्सर क्षेत्र के खानपुर निवासी नरेंद्र के पुत्र अंकित की शादी 20 नवंबर को हुई थी। परिवार में शादी की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि 25 नवंबर को विकासखंड कार्यालय खानपुर के सामने एक वाहन ने अंकित को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोग उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
दो दिन जिंदगी से जूझा, फिर हार गया जंग…..
हादसे के बाद से ही अंकित जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। परिजन उसके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन शुक्रवार 27 नवंबर को अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जिस घर में नई बहू के स्वागत की तैयारियां हुई थी। वहां चीख-पुकार मच गई। दुल्हन के हाथों की मेहंदी उतरने से पहले ही उसका सुहाग उजड़ गया। नवविवाहित युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने खानपुर में स्टेट हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
उन्होंने हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर खानपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और यातायात सुचारू हो सका।



