उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनराजनीतिरुड़कीवीडियोशिक्षास्वास्थ्यहरिद्वार

खनन माफियाओं की खुली दबंगई::

पहले पुलिसकर्मी, अब वन बीट अधिकारी पर ट्रैक्टर से कुचलने के प्रयास का आरोप, कब्जे से ट्रॉली भी छुड़ाई.....(पढ़िए खबर)

खबर को सुनिए

क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) अवैध खनन के कारोबार में जुटे लोगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। दौलतपुर में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन बीट अधिकारी को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलने का प्रयास किया गया। वनकर्मी ने जब वाहन को कब्जे में लेने की कोशिश की तो चालक ने अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ ही देर में अपने साथियों को बुलाकर जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली जबरन छुड़ा ली और वन अधिकारी को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में खनन माफिया के बढ़ते दुस्साहस को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना ग्राम दौलतपुर में गंगनहर पटरी की है। वन बीट अधिकारी के मुताबिक, वह दोपहर करीब 12:50 बजे टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम दौलतपुर के मुख्य मार्ग के पास उपखनिज से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। आरोप है कि कुछ लोग अवैध रूप से उपखनिज डालकर रास्ता बनाने का प्रयास कर रहे थे। टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने के बाद काफी मशक्कत कर उसकी चाबी निकाल ली और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद 112 और रेंज स्टाफ को सूचना दी गई। आरोप है कि कार्रवाई से बौखलाए चालक ने वन बीट अधिकारी के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान अधिकारी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाने का प्रयास भी किया गया। चालक ने दो-तीन अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर वन विभाग के कब्जे से ट्रैक्टर-ट्रॉली जबरन छुड़ा ली और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही आरोपी निकल चुके थे।

पहले पुलिसकर्मी, अब वन अधिकारी निशाने पर…..

खनन माफिया के दुस्साहस का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान में भी पुलिसकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया था। अब वन बीट अधिकारी के साथ हुई घटना ने अवैध खनन पर कार्रवाई करने वाली टीमों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि वन बीट अधिकारी की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!