उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशपर्यटनमनोरंजनराजनीतिरुड़कीवीडियोशिक्षास्वास्थ्यहरिद्वार

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बसित अली के स्वागत में ताकत दिखाने को तैयार राव काले खां::

"बढ़ेड़ी राजपूतान" में सजाया गया भाजपा का सियासी मंच, कल होगी राव काले खां की "अग्निपरीक्षा".....(पढ़िए खबर)

खबर को सुनिए

क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) कभी बढ़ेड़ी राजपूतान गांव में भाजपा के खाते में महज 10 से 15 वोट ही गिनती के हुआ करते थे, लेकिन वक्त बदला और गांव की सियासत में नया अध्याय जुड़ गया। पूर्व वक्फ बोर्ड चेयरमैन राव काले खां ने भाजपा का दामन थामा तो गांव में पार्टी की राजनीतिक मौजूदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। लोकसभा, विधानसभा समेत अन्य चुनावों में भाजपा को यहां पहले के मुकाबले बड़ी संख्या में वोट मिले। इतना ही नहीं, राव काले खां ने अपनी राजनीतिक सक्रियता के दम पर भतीजी राव लुबना को रुड़की ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई। लेकिन अब एक बार फिर बढ़ेड़ी राजपूतान की सियासी जमीन पर बड़ा आयोजन होने जा रहा है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली और प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन के स्वागत को लेकर राव काले खां ने पूरी ताकत झोंक दी है। 11 नवंबर को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम महज स्वागत समारोह नहीं, बल्कि अल्पसंख्यक बहुल इलाके में भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों का बड़ा आयोजन माना जा रहा है।खास बात यह है कि कुंवर बासित अली का यह उत्तराखंड का दूसरा दौरा है, जबकि प्रदेश में उनकी पहली जनसभा बढ़ेड़ी राजपूतान में आयोजित होने जा रही है। ऐसे में इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों की कमान खुद राव काले खां और रुड़की ब्लॉक प्रमुख राव लुबना ने संभाल रखी है। गांव-गांव संपर्क से लेकर लोगों को आमंत्रित करने और जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं तक, पूरी टीम सक्रिय नजर आ रही है। राव काले खां खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि आयोजन में किसी तरह की कमी न रह जाए। राजनीतिक गलियारों में इस आयोजन को कई नजरियों से देखा जा रहा है। एक तरफ भाजपा अल्पसंख्यक समाज के बीच अपनी पहुंच और संवाद को विस्तार देने की कोशिश में है, तो दूसरी तरफ राव काले खां के लिए भी यह आयोजन अपनी स्थानीय राजनीतिक सक्रियता और संगठनात्मक भूमिका को सामने रखने का अवसर है। अब निगाहें 11 नवंबर पर टिकी हैं। सवाल यही है कि कभी भाजपा को मुट्ठीभर वोट देने वाले बढ़ेड़ी राजपूतान में इस बार जनसभा कितनी बड़ी होगी और राष्ट्रीय नेतृत्व के स्वागत में कितनी भीड़ जुटेगी? इसका जवाब जनसभा के दिन यानि कल ही जायेगा। राव काले खां का कहना है कि क्षेत्र के लोगों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी को सुनने पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!