
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में महज 15 हजार रुपये की उधारी ने दोस्ती के रिश्ते को खून से रंग दिया। जिस शख्स के साथ बैठकर आरोपियों ने शराब पी, उसी दोस्त को पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया।
मंगलौर क्षेत्र के टिकोला रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने मंगलौर कोतवाली में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को टिकोला रजवाहे में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी।
जांच के बाद मृतक की पहचान टिकोला गांव निवासी मेघपाल के रूप में हुई। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के दो दोस्तों पर शक हुआ। दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो कथित तौर पर उन्होंने पूरी वारदात का राज उगल दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक ने आरोपियों से करीब 15 हजार रुपये उधार लिए थे। बार-बार तकादा करने के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने से दोनों उससे नाराज थे।
आरोप है कि दोनों दोस्तों ने पहले मेघपाल को शराब पिलाई और जब वह नशे में था, तो उसे लेकर रजवाहे पर पहुंचे। वहां दोनों ने कथित तौर पर उसे पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को रजवाहे में छोड़कर दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।



