
क्लिक उत्तराखंड:-(बुरहान राजपूत) बुग्गावाला थाने के शांत और सौहार्दपूर्ण माहौल वाले क्षेत्र में नशे का जाल फैलाने की कोशिश कर रहे दो नशा तस्करों पर बुग्गावाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस ने करीब 5 ग्राम अवैध नशे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में सक्रिय नशा कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया है।

पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने के लिए क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने विशेष टीम का गठन किया और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
इसी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों में सचिन पुत्र मैनपाल निवासी शहीदवाला ग्रांट तथा सुमित पुत्र महेंद्र निवासी बंजारेवाला से तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 5 ग्राम अवैध नशा बरामद हुआ,पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा और क्षेत्र का माहौल बेहतर बनेगा।

थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने स्पष्ट किया कि बुग्गावाला क्षेत्र में किसी भी कीमत पर नशे का कारोबार पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


